एनएच भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया

एस.के.एम. न्यूज सर्विस

रुद्रप्रयाग,11 सितम्बर। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग द्वारा अधिग्रहित भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग, पुलिस विभाग एवं एनएच विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नगरासू एवं रतूड़ा क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस अभियान का नेतृत्व राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग द्वारा उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा एवं तहसीलदार प्रणव पांडे की उपस्थिति में किया गया। कार्यवाही के दौरान नगरासू क्षेत्र में  अतिक्रमण की श्रेणी में पाए गए भवन को नियमानुसार हटाया गया। नगरासू क्षेत्र में एनएच की अधिग्रहित भूमि पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया गया है। वहीं रतूड़ा क्षेत्र में चार भवनों पर कार्रवाई की गई, जिन्हें चिन्हित कर एनएच विभाग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस टीम की उपस्थिति में कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा अधिग्रहित भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में यदि कहीं भी एनएच अथवा शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एनएच विभाग की अधिग्रहित भूमि पर किए गए अतिक्रमणों से न केवल विकास कार्य प्रभावित होते हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था एवं जनसुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाकर सड़क चौड़ीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों को सुचारु किया जा सके। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया कि विकास कार्यों में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और अतिक्रमण हटाने की इस कार्यवाही से भविष्य में होने वाले राजमार्ग निर्माण कार्यों को गति मिलेगी। इस कार्यवाही में उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, तहसीलदार प्रणव पांडे, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनएच विभाग के कार्मिकों के साथ ही स्थानीय राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) प्रियंका उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *