पौड़ी गढ़वाल में आयोजित किया जाएगा “उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी सम्मान समारोह”

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी गढ़वाल, 06 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 08 नवम्बर 2025 को पूरे प्रदेश में “उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी सम्मान समारोह” आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जनपद स्तरीय मुख्य समारोह तहसील मुख्यालय पौड़ी में आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उपजिलाधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए कि उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी सम्मान समारोह की तैयारियाँ समय पर पूरी कर इसे सफल व गरिमामय बनाया जाए। उन्होंने बताया कि समारोह में उन वीर आन्दोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाई। यह आयोजन राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर संघर्ष, त्याग और एकता की भावना को स्मरण करने का अवसर है, जो हमें आन्दोलनकारियों के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंतर्गत तहसीलवार आयोजन स्थलों में पौड़ी व चाकीसैंण में तहसील परिसर पौड़ी, कोटद्वार में नगर निगम ऑडिटोरियम बद्रीनाथ मार्ग, लैंसडौन व रिखणीखाल में तहसील परिसर लैंसडौन, थलीसैंण व बीरोंखाल में तहसील परिसर थलीसैंण, सतपुली व चौबट्टाखाल में तहसील परिसर सतपुली, यमकेश्वर व जाखणीखाल में गीता आश्रम स्वर्गाश्रम-जौंक तथा धुमाकोट में तहसील परिसर धुमाकोट को कार्यक्रम स्थल निर्धारित किया गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *