प्रधानमंत्री ने हालात का जायजा लिया
नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किला इलाके में सोमवार शाम हुए एक शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि विस्फोट शाम करीब 7 बजे एक हुंडई i20 कार में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब कार लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास लाल बत्ती पर रुकी और उसकी गति धीमी हो गई। विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सरकारी सूत्रों ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लिया और गृह मंत्री अमित शाह से बात की। प्रधानमंत्री ने स्थिति पर अपडेट लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर कहा आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रभावित लोगों की मदद अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, “दिल्ली में कार विस्फोट की घटना बेहद दर्दनाक और परेशान करने वाली है। इस अत्यंत दुःख की घड़ी में, मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”
