नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार को एक विस्फोट हुआ, जिसमें कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट हुआ, जिसके बाद तीन से चार वाहनों में भी आग लग गई और उन्हें नुकसान पहुँचा। दिल्ली अग्निशमन विभाग (डीएफएस) ने एक बयान में कहा, “लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट की सूचना मिली थी, जिसके बाद तीन से चार वाहनों में भी आग लग गई और उन्हें नुकसान पहुँचा।” इसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। विस्फोट में 8 लोगों की मृत्यु की पुष्टि की बात भी कही जा रही है। धमाके के बाद आसपास खड़ी गाड़ियों के भी शीशे टूट गए। जिस समय यह धमाका हुआ उस समय वहां पर काफी भीड़ थी। फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट की सूचना शाम करीब 6:55 बजे मिली, जिसके बाद दमकल की सात गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके तुरंत बाद आग पर काबू पा लिया गया। विस्फोट के कारण कई घायलों को एलएनजेपी अस्पताल लाया गया है। विस्फोट की तीव्रता के कारण कार के पुर्जे इधर-उधर बिखरे देखे गए। विस्फोट के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है।

दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार देर शाम करीब सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही वहां खड़ी कई कारों में आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। एनआईए की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर को अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने गृह मंत्रालय को घटना की पूरी जानकारी दी है। राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा, लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को चांदनी चौक बाजार बंद रहेगा। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा, ‘आज शाम करीब 6.52 बजे एक धीमी गति से चल रही गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी। उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट की वजह से आस-पास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। सभी एजेंसियां, FSL, NIA, यहां हैं… घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गृह मंत्री ने भी हमें बुलाया है और समय-समय पर उनके साथ जानकारी साझा की जा रही है।’ यह विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिसके बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों के शीशे और दरवाजे-खिड़कियां टूट गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। कार धमाके में कई लोग घायल हो गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *