September 12, 2026

बाबा बद्रीनाथ धाम परिसर में सघन चेकिंग एवं सुरक्षा ड्रिल आयोजित

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

चमोली। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में जनपद चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग एवं सुरक्षा ड्रिल संचालित की जा रही है। इसी क्रम में आज थाना श्री बद्रीनाथ पुलिस ने बम डिस्पोज़ल स्क्वॉड बीडीएस टीम, 7 असम एवं मंदिर समिति के साथ संयुक्त रूप से बाबा बद्रीनाथ धाम परिसर में सघन चेकिंग एवं सुरक्षा ड्रिल आयोजित की। अभियान के दौरान मंदिर परिसर, श्रद्धालु प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र, यात्री प्रतीक्षालय तथा आसपास के मार्गों का गहन निरीक्षण किया गया। बीडीएस टीम ने अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों की सहायता से मंदिर परिसर के प्रत्येक क्षेत्र की जांच की तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी। इस संयुक्त सुरक्षा ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों-पुलिस, बीडीएस टीम, 7 असम एवं मंदिर समिति-के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता को परखना तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। इससे पूर्व, कोतवाली ज्योतिर्मठ क्षेत्र में भी सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने हेतु BDS टीम एवं कोतवाली पुलिस द्वारा संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें प्रमुख धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, बाजार क्षेत्र एवं तीर्थयात्रियों के मुख्य मार्गों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।

सुरक्षा दृष्टि से संवेदनशील स्थानों-जैसे गौचर एयरपोर्ट, जनपद के सभी प्रवेश द्वार एवं अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी बीडीएस टीम द्वारा नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध वस्तुओं, बैगों एवं वाहनों की सावधानीपूर्वक जांच की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए गए। अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, वाहन चालकों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी गई और उनसे अनुरोध किया गया कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। चमोली पुलिस का स्पष्ट संदेश-“सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, सतर्कता हमारी ताकत।”

 

Don't Miss

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *