केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग, 08 फरवरी। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के आदेशानुसार आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा वर्ष 2026 के सफल संचालन तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए 7 एवं 8 फरवरी 2026 को यात्रा मार्ग का विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाओं का आंकलन कर समयबद्ध सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करना रहा। इस संयुक्त निरीक्षण में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, तहसीलदार ऊखीमठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी रुद्रप्रयाग नंदन सिंह रजवार, अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड गुप्तकाशी स्वयं उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड रुद्रप्रयाग, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रुद्रप्रयाग, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ऊखीमठ, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अपर कार्यकारी अधिकारी जिला पंचायत, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी/सोनप्रयाग, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप प्रभागीय वन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत केदारनाथ, मुख्य चिकित्साधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक गढ़वाल मंडल विकास निगम, प्रबंधक सुलभ इंटरनेशनल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों में ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला एवं प्रधान प्रतिनिधि गौरीकुंड की भी सहभागिता रही। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवश्यक एवं संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण करते हुए सहायक अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग पीडब्ल्यूडी को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। गौरीकुंड स्थित तप्तकुंड के सुधारीकरण, चेंजिंग रूम की व्यवस्था तथा मार्ग की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड गुप्तकाशी को एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। गौरीकुंड से श्री केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग पर खतरा उत्पन्न कर रहे वृक्षों के पातन हेतु जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं DDRF द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई। अधिकारियों द्वारा श्री केदारनाथ पैदल मार्ग पर छोटी लिनचोली तक ट्रैक करते हुए अपने-अपने विभागों से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक बिंदुओं को नोट करते हुए कार्ययोजना तैयार की गई। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि आगामी तीन दिवसों के भीतर संयुक्त निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट यात्रा सेल में प्रेषित करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *