पूर्व कैबिनेट मंत्री बोले : देश की आज़ादी शहीदों के बलिदान की अमर गाथा
एसकेएम न्यूज सर्विस
कोटद्वार। आज शहीद दिवस के अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस, कोटद्वार कार्यालय, जन सेवा केंद्र में महान क्रांतिकारियों शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने अपने भावपूर्ण संदेश में कहा कि “शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की सबसे प्रेरणादायक गाथाओं में से एक है। इन वीर सपूतों ने अल्पायु में हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमकर देशभक्ति, साहस और त्याग की मिसाल पेश की, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि इन क्रांतिकारियों का सपना एक न्यायपूर्ण, समानता पर आधारित और सशक्त भारत का निर्माण करना था, जिसे साकार करने की जिम्मेदारी आज हम सभी की है। कार्यक्रम में उपस्थित जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि शहीदों का जीवन हमें यह सिखाता है कि देश के लिए किया गया त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे वीरों ने अपने विचारों और क्रांतिकारी सोच से पूरे देश में स्वतंत्रता की अलख जगाई और अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी। अन्य वक्ताओं ने यह भी कहा कि आज के युवाओं को इन महान क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में जिलाध्यक्ष विकास नेगी, महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष बृजपाल सिंह नेगी, विधानसभा कोटद्वार अध्यक्ष साबर सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष सुदर्शन रावत, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, एससीएसटी प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष शूरवीर सिंह खेतवाल, संरक्षक चंद्रमोहन सिंह रावत, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, प्रदेश महासचिव सोशल मीडिया नीरज बहुगुणा, प्रदेश महासचिव सोशल मीडिया रूपेंद्र सिंह नेगी, धर्मेंद्र सिंह, होशियार सिंह बिष्ट, जैन सिंह बिष्ट, कृपाल सिंह नेगी, महामंत्री उपेंद्र सिंह नेगी, दिव्यांश रावत आदि कांग्रेस जन शामिल हुए।
