महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून।उत्तराखण्ड क्रांति दल ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। उत्तराखण्ड क्रांति दल ने राज्य में संचालित ऑनलाइन बाइक टैक्सी प्लेटफॉर्म Rapido की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। दल का कहना है कि प्लेटफॉर्म पर चालकों के पंजीकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है। केंद्रीय महामंत्री मीनाक्षी घिल्डियाल ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं आमजन Rapido सेवा का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन चालक सत्यापन की प्रक्रिया अत्यंत कमजोर होने के कारण आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी आसानी से इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकते हैं। दल ने आरोप लगाया कि पूर्व में Rapido चालकों द्वारा छेड़छाड़, दुर्व्यवहार, चोरी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ घटनाओं में यह भी आशंका जताई कि पार्सल डिलीवरी सेवाओं के माध्यम से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। यूकेडी ने मांगकी कि रैपिडो Rapido से जुड़े सभी चालकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन किया जाए। बिना सत्यापन के किसी भी चालक को संचालन की अनुमति न दी जाए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एसओएस, लाइव ट्रैकिंग एवं हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं अनिवार्य की जाएं तथा राज्य स्तर पर सख्त दिशा-निर्देश लागू किए जाएं। संगठन महामंत्री नैना लखेरा, महिला अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी, उत्तरा पंत बहुगुणा, रविंद्र ममगईं, कल्पना बिजलवान, सुनील मंडोलिया, गिरीश कोठारी आदि मौजूद रहे।
