संदिग्ध परिस्थितियों में गोविंदगढ़ राजीव कॉलोनी निवासी महिला की मौत
देहरादून। वसंत विहार थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार कोतवाली कैंट से प्राप्त डेथ मेमो में गोविंदगढ़ राजीव कॉलोनी निवासी 43 वर्षीय सपना पत्नी विजय की मृत्यु की सूचना दी गई। मौत का कारण फांसी बताया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को दून अस्पताल भेजा गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि सपना की शादी को लगभग 15 वर्ष हो चुके थे। जांच में पति या परिवार के अन्य सदस्यों के साथ किसी प्रकार के विवाद की बात सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
