और जब मण्डल अध्यक्ष संयम कुमार ने सीएम को भेंट की कलम

संदीप गोयल /एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
​देहरादून। राजधानी देहरादून के इतिहास में आज का दिन गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। वाल्मीकि समाज की आस्था और अस्मिता का सम्मान करते हुए, प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने देहरादून के ‘लैंसडाउन चौक’ का नाम बदलकर ‘महर्षि वाल्मीकि चौक’ करने का ऐतिहासिक अनुमोदन प्रदान कर दिया है।
​इस पावन अवसर पर मण्डल अध्यक्ष (अम्बेडकर नगर मण्डल) संयम कुमार ने जॉली ग्रांट एयरपोर्ट स्थित मुख्य अतिथि गृह में मुख्यमंत्री से भेंट की। संयम कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए अत्यंत आत्मीयता के साथ उनकी जेब में कलम (पेन) लगाकर उन्हें भेंट स्वरूप अर्पित की। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री को पगड़ी और शॉल भेंट कर समाज की ओर से उनका भव्य अभिनंदन किया।
इस उपलब्धि पर संयम कुमार ने राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के माननीय उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) भगवत प्रसाद मकवाना जी का विशेष रूप से धन्यवाद और आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मकवाना जी के कुशल मार्गदर्शन और समाज के हितों के लिए उनके निरंतर प्रयासों के कारण ही आज यह ऐतिहासिक सपना साकार हो पाया है।
​संयम कुमार ने कहा की ​”मुख्यमंत्री जी का यह निर्णय वाल्मीकि समाज के लिए एक अनमोल उपहार है। माननीय मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता और श्री भगवत प्रसाद मकवाना जी के सतत सहयोग से समाज को यह अभूतपूर्व सम्मान मिला है। ‘महर्षि वाल्मीकि चौक’ अब हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।”
​इस अवसर पर राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के विभिन्न पदाधिकारी और वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *