ट्रक की टक्कर से व्यक्ति की मौत, चालक फरार
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। मृतक की पहचान सकल देव साहनी निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करने के लिए बिहार से देहरादून आया था और कांवली गांव में अन्य मजदूर साथियों के साथ रहता था। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ लेबर चौक की ओर काम की तलाश में जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग और डंपर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक पुलिस और लोगों के बीच नोकझोंक होती रही। हादसे के चलते क्षेत्र में लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा। एसपी सिटी प्रमोद कुमार का कहना है कि लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और आरोपी डंपर चालक पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
आज प्रातः थाना वसन्त विहार पर 112 से सूचना प्राप्त हुई की कांवली रोड गोविंदगढ़ पुल के पास एक ट्रक द्वारा अज्ञात व्यक्ति को टक्कर मार दी है। उक्त सूचना पर थाना वसन्त विहार से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। मौके पर ट्रक संख्या Uk 07 CB 7123 के चालक द्वारा एक व्यक्ति को कांवली रोड गोविंदगढ़ पुल के पास टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पूछताछ करने पर मृतक का नाम सकल देव साहनी पुत्र दयाराम साहनी निवासी शिपनगर थाना सेयारा जिला सीतामढ़ी बिहार हाल पता कालिंदी एनक्लेव उम्र 55 वर्ष ज्ञात हुआ, मृतक व्यक्ति मजदूरी का कार्य करता था जो अपने साथियों के साथ सुबह मजदूरी पर जाने के लिए उक्त स्थान पर खड़ा था। पुलिस द्वारा मौके से मृतक के शव को पंचायतनामे एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतू कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया, घटना के सम्बन्ध में मृतक के परिजनों द्वारा थाना वसन्त विहार पर लिखित तहरीर दी गयी है, जिस पर अभियोग पंजीकृत करते हुए अज्ञात ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
