एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून/चमोली 09 मई। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। धाम पहुंचने पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके पश्चात राज्यपाल ने मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भी भेंट की। उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद तीर्थयात्रियों से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का भी फीडबैक लिया। राज्यपाल ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी से धाम में संचालित मास्टर प्लान कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा रिवर फ्रंट एवं मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से मुलाकात कर उनके सुझाव सुने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। राज्यपाल ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन, मंदिर समिति और संबंधित विभागों की सराहना करते हुए तीर्थयात्रियों के अनुशासन को भी अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु भक्ति भाव और अनुशासन के साथ दर्शन करें तथा यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें।उन्होंने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों को यात्रा की स्मृति के रूप में खरीदने का भी आह्वान किया, ताकि स्थानीय लोगों की आजीविका और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। इस मौके पर उप जिलाधिकारी ज्योर्तिमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, यात्रा मजिस्ट्रेट रविन्द्र ज्वांठा, उप जिलाधिकारी चमोली राजकुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, एडिशल एसपी होशियार सिंह, अधिशाषी अधिकारी सुनील पुरोहित, थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी आदि मौजूद थे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *