जवाड़ी बाईपास नई सुरंग के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग। आज सायं लगभग 07ः47 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि जवाड़ी बाईपास नई सुरंग के समीप एक बलेनो वाहन संख्या डी.एल. 8सी एल एल 5335 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे नदी में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन तंत्र तत्काल सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए डी.डी.आर.एफ. एवं एस.डी.आर.एफ. की टीमों को घटना स्थल पर मात्र 05 मिनट के भीतर रवाना कर मौके पर पहुंचाया गया। बताया गया कि उक्त वाहन श्रीनगर से श्री केदारनाथ धाम की ओर जा रहा था, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। रेस्क्यू टीमों द्वारा विषम परिस्थितियों में त्वरित एवं साहसिक अभियान चलाते हुए दोनों गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उपरांत घायलों को 108 एम्बुलेंस एवं आपदा प्रबंधन विभाग के रेस्क्यू वाहन के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग उपचार हेतु भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे तथा पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी करते रहे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित आपदा प्रबंधन एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
