देहरादून मृतक युवती के कंकाल की हुई शिनाख्त

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। विकासनगर क्षेत्र से जुड़े एक पुराने मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पिछले वर्ष लापता हुई एक युवती के मामले में डीएनए जांच के जरिए शिनाख्त की पुष्टि हो गई है। डीएनए रिपोर्ट के माध्यम से यह स्पष्ट हो गया है कि बरामद अवशेष उसी युवती के हैं जो पिछले साल लापता हुई थी। यह मामला कई महीनों से लंबित था। अवशेष पड़ोसी राज्य के बैराज क्षेत्र से बरामद किए गए थे, जिसके बाद फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू की गई थी। डीएनए तकनीक की मदद से इस जटिल मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिली है, जिससे अब कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

विकास नगर क्षेत्र में गुमशुदा युवती की हत्या के प्रकरण में पुलिस के अथक प्रयासों से मृतक युवती के कंकाल की हुई शिनाख्त। पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान प्राप्त इलेक्ट्रॉनिक व परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर पूर्व में घटना में शामिल 02 अभियुक्तो को किया था गिरफ्तार, एक विधि विवादित किशोर को लिया था संरक्षण में। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में उनके द्वारा युवती की हत्या कर शव को शक्ति नहर में फेकने की जानकारी दी थी। हत्याकांड में युवती का शव बरामद न होने की दशा में अभियुक्तों को न्यायालय में संदेह का लाभ मिलने की संभावना थी। पुलिस द्वारा किये गए अथक एवं समर्पित प्रयासों से हथिनी कुंड बैराज सहारनपुर में मिले मानव कंकाल की गुमशुदा युवती के रूप में शिनाख्त हुई। युवती की शिनाख्त के बाद अब अभियुक्तों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए न्यायालय में और अधिक ठोस पैरवी की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 07 सितम्बर 2025 को गोपाल निवासी जीवनगढ कोतवाली विकासनगर ने थाना विकासनगर में अपनी पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी, जिसमें कोतवाली विकासनगर द्वारा युवती की तलाश की जा रही थी। किन्तु दौराने जांच गुमशुदा के पिता द्वारा 12 सितम्बर  2025  को पुनः थाने पर आकर शिकायत दर्ज करायी कि उनकी पुत्री उम्र 22 वर्ष को शहबाज निवासी ग्राम ढकरानी थाना विकासनगर देहरादून काफी समय से परेशान कर रहा था तथा उनके द्वारा शहबाज़ पर अपनी पुत्री को जान से मारने की नियत से बहला फुसलाकर ले जाकर गायब किये जाने का शक जताया गया।  शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर तत्काल थाना विकासनगर में विपक्षी सहबाज के विरुद्ध मुकदमा अपराध सख्या 261/2025 धारा -140(1) बीएनएस पंजीकृत कर विवेचना उप निरीक्षक विवेक भंडारी के सुपुर्द की गई। विवेचना के दौरान गुमशुदा की सीडीआर, सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन /विश्लेशषण किया गया तथा पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर 12 सितम्बर 2025 को संदिग्ध शहबाज  निवासी ढकरानी गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त से सख्ती से पूछताछ करने पर अभियुक्त शहबाज द्वारा बताया गया कि वह अपहर्ता को जानता था तथा उसके द्वारा उस पर शारिरीक सम्बन्ध बनाने का दबाव बनाया था किन्तु जब उसके द्वारा मना किया तो उसने ढकरानी निवासी अपने दोस्त फैजान व एक अन्य विधि विवादित किशोर के साथ मिलकर 07 सितम्बर 2025 को अपहर्ता को मारने की नियत से बहला फुसलाकर उसके घर  जीवनगढ से ले जाकर कुल्हाल क्षेत्र में गला घोंटकर हत्या करना तथा शव को शक्ति नहर में फेकना बताया गया,  जिसके आधार पर अभियोग में धारा 103/238/61(1) बीएनएस की बढोतरी की गई, तथा अभियोग की विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल राणा के सुपुर्द की गई। अभियुक्त शाहबाज को पुलिस द्वारा न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। 24 सितम्बर 2025 को पुलिस द्वारा अभियुक्त शाहबाज का पुलिस कस्टडी रिमाण्ड लिया गया, जिसमें अभियुक्त की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से अपहर्ता की चुन्नी बरामद की गई तथा 27 सितम्बर 2025 को घटना में सम्मिलित अभियुक्त फैजान को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करते हुए अभियुक्त के अन्य साथी विधि विवादित किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया, जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल बरामद की गई। मृतका की तलाश हेतु पुलिस द्वारा लगातार कई दिनों तक शक्ति नहर व उसके आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया तथा आसपास के थानों व जनपदों को मृतका के हुलिये से अवगत कराते हुए शव की तलाश हेतु बताया गया। युवती का शव ना मिलने की दशा गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में संदेह के लाभ मिलने की संभावना के दृष्टिगत पुलिस द्वारा लगातार शव की बरामदगी हेतु लगातार सर्च अभियान जारी रखा।

दौराने विवेचना 16अक्टूबर 2025 को थाना मिर्जापुर जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि हथनीकुंड बैराज सहारनपुर में एक अज्ञात शव, जिसका सिर नहीं है, बरामद हुआ है, जो संभवत: किसी लड़की का हो सकता है।  उक्त सूचना पर विकास नगर पुलिस द्वारा तत्काल गुमशुदा युवति के परिजनों के साथ मौके पर जाकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए, पर शव काफी पुराना व कंकाल के रूप में होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई, जिस पर पुलिस द्वारा अज्ञात शव व गुमशुदा युवती के माता-पिता का डीएनए सैंपल लेकर मिलान हेतु विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया, तथा विवेचना के दौरान प्राप्त इलेक्ट्रॉनिक, वैज्ञानिक व अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य साक्ष्य संकलन की कार्यवाही जारी रखते हुए आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया। 12 मई 2026 को विधि विज्ञान प्रयोगशाला द्वारा उक्त कंकाल का डीएनए मृतिका के माता-पिता के डीएनए से मिलान होने संबंधी रिपोर्ट प्रेषित की गई, जिसके आधार पर अब न्यायालय के समक्ष और अधिक ठोस पैरवी कर अभियुक्तो को सख्त से सख्त सजा दिलाई जायेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *