May 28, 2026

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 57 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कोटद्वार क्षेत्र में 27 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 04 घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पाए जाने पर 9,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। दुगड्डा क्षेत्र में 10 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में 02 घरेलू सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर 4,600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं पौड़ी क्षेत्र में 20 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 06 घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग मिलने पर 13,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान कुल 27,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने और अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक एवं विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *