अवैध रात्रिकालीन पटड़ियों पर रोक लगाने की मांग, पटड़ी व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी क्षेत्र के पंजीकृत एवं अनुशासित पटड़ी व्यापारियों ने बुधवार को अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर माल रोड एवं नगर के अन्य क्षेत्रों में रात्रि के समय लगने वाली अवैध पटड़ियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर शाम और रात के समय अवैध रूप से व्यापार कर रहे हैं, जिससे नगर की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ वैध व्यापारियों के हितों को भी नुकसान पहुंच रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा निर्धारित नियमों और स्थानों का पालन करने वाले व्यापारियों के साथ यह अन्याय है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व नगर पालिका की निष्पक्ष एवं जनहितैषी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं तथा पालिका प्रशासन के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर भ्रम फैलाया जा रहा है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि कसमंडा होटल क्षेत्र में रखे सामान को पूर्व में स्थानीय लोगों की शिकायतों एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पालिका प्रशासन द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया के तहत निर्धारित स्थलों पर स्थानांतरित किया गया था। उन्होंने पालिका प्रशासन की कार्यवाही का समर्थन करते हुए रात्रिकालीन अवैध व्यापार करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की, ताकि नगर की गरिमा और व्यवस्था बनी रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *