July 2, 2026

सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें : मुख्यमंत्री

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

सहारनपुर, 01 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद भ्रमण के दौरान सर्किट हाउस सभागार में सहारनपुर मण्डल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा एवं नये कार्यों की योजना के संबंध में बैठक की। मुख्यमंत्री जी ने विधान सभावार प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कहा कि सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। यदि जनप्रतिनिधिगण प्रस्तावों में कोई संशोधन या सुझाव देना चाहते हैं, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराये, जिससे उक्त कार्य योजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जा सके तथा 15 अगस्त, 2026 तक इन कार्यों का शिलान्यास कर कार्य प्रारम्भ कराया जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, जिससे कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके। मुख्यमंत्री को प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि सहारनपुर मण्डल में कुल 3282.44 करोड़ रुपये की लागत से 1188 विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनके अन्तर्गत 06 स्टेट हाईवे, 68 एम.डी.आर./ओ.डी.आर., 01 बाईपास, 05 धर्मार्थ कार्य, 01 लॉजिस्टिक/इण्डस्ट्रियल कार्य, 05 आई0एस0सी0 रोड, 504 चीनी मिल, 155 न्यू कंस्ट्रक्शन, 02 सी0आर0आई0एफ0 रोड, 04 रोड सेफ्टी सम्बन्धी कार्य, ग्रामीण क्षेत्रों में 60 बडे़/लघु सेतु कार्य, नगरीय क्षेत्रों में 02 बडे़/लघु सेतु कार्य, 06 आर0ओ0बी0 तथा 369 मार्गों का मरम्मत कार्य सम्मिलित हैं। बैठक में केबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बेसिक शिक्षा श्री सन्दीप सिंह, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह, सांसद बिजनौर श्री चंदन चौहान, महापौर डॉ0 अजय कुमार सिंह, विधायक नकुड श्री मुकेश चौधरी, विधायक नगर श्री राजीव गुम्बर, विधायक रामपुर मनिहारान श्री देवेन्द्र निम, विधायक गंगोह श्री किरत सिंह, सदस्य विधान परिषद श्रीमती वंदना वर्मा, सदस्य विधान परिषद श्री विरेन्द्र सिंह, विधायक शामली श्री प्रसन्न कुमार, विधायक खतौली श्री मदन भैया, विधायक बुढाना श्री राजपाल सिंह बालियान, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री अजय चौहान, मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *