72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘ढोली’ को रजत कमल पुरस्कार मिलने पर राज्यपाल ने दी बधाई

देहरादून 18 जुलाई। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों (फीचर फिल्म श्रेणी) में उत्तराखंड की फिल्म ‘ढोली’ को सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म के प्रतिष्ठित रजत कमल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे सम्पूर्ण उत्तराखण्ड और उत्तराखण्डी सिनेमा के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। राज्यपाल ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषा और लोककला को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत सदैव अपनी विशिष्टता और संवेदनशीलता के लिए जानी जाती रही है तथा यह उपलब्धि प्रदेश के रचनात्मक एवं सांस्कृतिक योगदान को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने वाली है। राज्यपाल ने फिल्म के निर्देशक, निर्माता, सभी कलाकारों एवं पूरी टीम को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में उत्तराखण्डी सिनेमा इसी प्रकार नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा प्रदेश की संस्कृति, लोकभाषा और लोककला को देश-दुनिया तक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *