August 13, 2026

स्वतंत्रता दिवस को भव्यता एवं परम्परागत रूप से मनाए जाने के संबंध में हुई बैठक

सहारनपुर, 12 अगस्त। जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को मनाये जाने के संबंध में बैठक की गयी। जनपद में परंपरागत तरीके से मनाए जाने वाले कार्यक्रमों में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम, फल वितरण कार्यक्रम, रूट मार्च, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य कार्यक्रमों के संबंध में समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कार्यक्रम को बेहतर करने के लिए अपील की। उन्होने निर्देश दिए कि रूट मार्च के समय ट्रैफिक डायवर्जन किया जाए। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के अन्तर्गत जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। नगर क्षेत्र में नगर निगम एवं ग्रामीण क्षेत्र में पंचायती राज विभाग द्वारा महापुरूषों की मूर्ति स्थलों सहित समस्त क्षेत्र में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाई रखी जाए। क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी को निर्देश दिए कि क्रॉस कन्ट्री दौड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाए। इसके तहत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्तकर्ता को प्रोत्साहन राशि एवं पुरूस्कार दिए जाएं।
जिलाधिकारी ने कांवड यात्रा के सफल एवं सुरक्षित सम्पन्न होने पर समाज के सभी समाजसेवियों, सहभागिता करने वाले तथा जनपदवासियों को धन्यवाद देकर आभार प्रकट किया।श्री अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम गांधी पार्क, घण्टाघर चौक, देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, जनकपुरी चौक सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर किया जायेगा। जिसकी जिम्मेदारी अधिकारियों को दे दी गयी है। फल वितरण कार्यक्रम राजकीय चिकित्सालय, कुष्ठ आश्रम, मानव मंदिर सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर किया जायेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सम्मिलित करते हुए परम्परागत तरीके से भव्यतापूर्ण ढंग से स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति की भावना से मनाया जाएगा। प्रत्येक नागरिक को आवास, स्कूल, सरकारी कार्यालयों में झण्डा सम्मान के साथ ध्वज संहिता का अनुपालन करते हुए फहराना है। निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाए जाने वाले झण्डों को निर्धारित समयावधि के उपरान्त पूर्ण आदरभाव एवं सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखा जाए। हर घर पर झण्डा सही तरीके से लगाया जाना चाहिए। आधा झुका, कटा या फटा झण्डा किसी भी दशा में न लगाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संतोष बहादुर सिंह, अपर नगर आयुक्त श्री प्रदीप कुमार, चीफ वार्डन सिविल डिफेन्स श्री राजेश जैन, श्री महेन्द्र कुमार तनेजा, श्री शीतल टंडन, श्री जयनाथ शर्मा, श्री आमिर खान, श्री ब्रित चावला सहित समाज के सम्मानित सदस्यों सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *