स्कूल में पूर्व कैबिनेट मंत्री ने फहराया तिरंगा
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
कोटद्वार। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड सुरेन्द्र सिंह नेगी ने आर.पी. पब्लिक स्कूल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं द्वारा बैज पहनाकर नेगी जी का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात सुरेन्द्र सिंह नेगी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की, जिसकी मुख्य अतिथि ने सलामी ली। विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न रंगारंग एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें केवल आजादी का उत्सव मनाने का अवसर नहीं देता, बल्कि यह सोचने का भी अवसर देता है कि हम अपने देश और समाज के लिए क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “आज के विद्यार्थी ही कल के भारत की तस्वीर तय करेंगे। इसलिए लक्ष्य केवल अच्छी नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनना भी होना चाहिए।” उन्होंने बच्चों से मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा विद्यालय परिवार को शानदार आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
