ऐतिहासिक झंडा चौक पर गूंजा ‘जय हिन्द’
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
कोटद्वार। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ऐतिहासिक झंडा चौक, कोटद्वार में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं प्रथम महापौर, कोटद्वार श्रीमती हेमलता नेगी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती मीना बछुवाण ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा झंडा चौक “भारत माता की जय”, “वन्दे मातरम्” और “जय हिन्द” के नारों से गूंज उठा। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि स्वतंत्रता का यह पर्व हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का अवसर देता है जिन्होंने अपने वर्तमान का त्याग करके देश के भविष्य को सुरक्षित किया। उन्होंने कहा कि आजादी की रक्षा केवल सीमा पर खड़े सैनिक ही नहीं करते, बल्कि देश का प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करके राष्ट्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक एकता और भाईचारे को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि हमें मतभेदों के बावजूद देशहित में एकजुट रहना होगा। नेगी जी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है और इसके तीनों रंग हमें साहस, शांति और समृद्धि की प्रेरणा देते हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने शहर, अपने प्रदेश और अपने देश को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती मीना बछुवाण, जिला अध्यक्ष विकास नेगी ने भी अपने संबोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करना तभी सार्थक होगा, जब हम राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करें।
ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। कोटद्वार के प्रमुख बाजार मार्गों से निकली तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर दिखाई दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता की जय, वन्दे मातरम् एवं जय हिन्द के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और ऊंचाई प्रदान की। तिरंगा यात्रा ने संदेश दिया कि स्वतंत्रता केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, एकता और संकल्प का पर्व है।
