चंदा चोरी के खिलाफ कांग्रेस की चौपाल, भाजपा सरकार पर बरसे विकास नेगी

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार द्वारा जिलाध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में “चंदा चोरी” के खिलाफ जनजागरूकता अभियान के तहत नगर पंचायत स्वर्गाश्रम-जौंक में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में स्थानीय जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कर राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता और जवाबदेही के मुद्दे पर जागरूक किया गया। चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर देशभर की जनता ने आस्था और विश्वास के साथ करोड़ों रुपये का चंदा दिया। इस चंदा संग्रह और उसके उपयोग को लेकर समय-समय पर सैकड़ों करोड़ रुपये की कथित अनियमितताओं और गंभीर आरोपों की चर्चा सामने आई है, लेकिन इन सवालों का संतोषजनक जवाब आज तक जनता के सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा, “हमारा सवाल सीधा है-राम मंदिर के नाम पर जनता से मिले चंदे का पूरा और पारदर्शी हिसाब सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता? जिन मामलों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं, उनकी निष्पक्ष जांच क्यों नहीं होती?” विकास नेगी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा सरकार ने इस पूरे मामले को वह गंभीरता नहीं दिखाई, जिसकी अपेक्षा देश की जनता को थी। जब मामला करोड़ों लोगों की आस्था और उनके द्वारा दिए गए धन से जुड़ा हो, तब सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि हर सवाल का जवाब पारदर्शी तरीके से जनता के सामने रखा जाए।” उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जनता के विश्वास से जुड़े धन में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सच्चाई देश की जनता के सामने आनी चाहिए। यदि सब कुछ पूरी तरह पारदर्शी है तो निष्पक्ष जांच से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। विकास नेगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी “चंदा चोरी के खिलाफ चौपाल” के माध्यम से गांव-गांव और आम जनता के बीच जाकर इस मुद्दे पर जागरूकता अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास, उसके अधिकार और लोकतंत्र में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष आदेश तोमर, पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन माधव अग्रवाल, पूर्व टैक्सी यूनियन नीलकंठ एसोसिएशन अध्यक्ष दीपक कंडारी, पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस अंकित गुप्ता सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *