अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर महिला कांग्रेस ने जलाया न्याय का दीप
संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 18 सितंबर। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कैंडल मार्च निकाला गया। इससे पूर्व कांग्रेसजन ने अंकिता की स्मृति में ‘न्याय का दीप’ जलाकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि अंकिता के मामले में वीवीआईपी एंगल की जांच को लेकर सीबीआई जांच की बात सामने आई है, लेकिन प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि जांच अब तक कहां पहुंची है और इसकी प्रगति के बारे में सरकार एवं संबंधित एजेंसियां स्पष्ट जानकारी कब देंगी। उन्होंने कहा कि अंकिता द्वारा कथित वीवीआईपी को ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ देने की बात सामने आने के बाद आज भी यह सवाल प्रदेश की जनता के सामने है कि आखिर वह वीवीआईपी कौन था। साथ ही घटना के बाद रातों-रात रिजॉर्ट पर बुलडोजर क्यों चलाया गया, यह सवाल भी आज तक अनुत्तरित है। उन्होंने कहा कि इन सवालों के स्पष्ट जवाब सामने आए बिना अंकिता के परिवार और प्रदेश की जनता के मन में उठ रहे सवाल खत्म नहीं होंगे। ज्योति रौतेला ने कहा, “अंकिता केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की आवाज है। उसकी चौथी बरसी पर हम संकल्प लेते हैं कि जब तक उसके परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता और मामले से जुड़े सभी अनुत्तरित सवालों के जवाब सामने नहीं आते, महिला कांग्रेस अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।”
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत जी ने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चार वर्ष का समय बीत जाना अपने आप में बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ इस मामले से जुड़े प्रत्येक सवाल का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जवाब सामने आना चाहिए। डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि सीबीआई जांच को लेकर प्रदेश की जनता के मन में स्वाभाविक रूप से यह सवाल है कि जांच कहां तक पहुंची है और उसका निष्कर्ष क्या है। वीवीआईपी से जुड़े आरोपों और अंकिता द्वारा कथित तौर पर ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ को लेकर कही गई बातों की सच्चाई भी जांच के माध्यम से सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना के बाद रिजॉर्ट पर की गई जल्दबाजी में कार्रवाई को लेकर भी जो सवाल उठे हैं, उनका तथ्यात्मक जवाब मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी न्याय की लड़ाई को किसी दल या राजनीति तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। यह उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को पूर्ण न्याय मिलने तक इस मुद्दे पर आवाज उठती रहनी चाहिए। कैंडल मार्च में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता सुजाता पॉल, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, पार्षद अरविंद गुप्ता, पार्षद आयुष गुप्ता, रॉबिन, विधानसभा अध्यक्ष/उपाध्यक्ष गौरव रावत, आशा मनोरमा शर्मा, पुष्पा पवार, विदित प्रसाद भट्ट ‘बंटू’ एवं अंजू भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
