लोगों को किया गया स्वच्छता के प्रति जागरूक
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद पौड़ी द्वारा विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। न्यू विकास कॉलोनी, सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशन परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई, धुलाई एवं कूड़ा उठान कर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाई गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वार्ड संख्या-05 की न्यू विकास कॉलोनी में चिन्हित क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट की विशेष सफाई की गई। सार्वजनिक शौचालयों की गहन सफाई एवं धुलाई कर उन्हें स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाए रखने पर जोर दिया गया। बस स्टेशन परिसर एवं आसपास यात्रियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान नागरिकों को चार श्रेणियों-गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक/विशेष एवं सैनिटरी कचरा-का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने तथा निर्धारित श्रेणी के अनुसार डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में कचरा देने के लिए जागरूक किया गया। खुले में कूड़ा न डालने और घर व आसपास स्वच्छ रखने की अपील की गई। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि स्वच्छता को स्थायी बनाने के लिए सफाई व्यवस्था के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। स्रोत पर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में सहयोग और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता से पौड़ी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
