आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं, किशोरियों एवं अन्य लाभार्थियों को बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र घड़ियाल में लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं एवं पोषण की जानकारी दी गई, जबकि आशा कार्यकर्ता व एएनएम ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। आंगनबाड़ी केंद्र सपलोडी में आंगन मिलन कार्यक्रम में उपप्रधान को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना एकेश्वर में राष्ट्रीय 9वें पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में दो गर्भवती महिलाओं, एक धात्री महिला एवं चार किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं। एक अतिकुपोषित बच्चे को भी पोषण किट दी गई। परियोजना अधिकारी ने पोषण के महत्व तथा सुपरवाइजर रक्षा जोशी ने विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *