कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

कोटद्वार। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों में भाजपा द्वारा राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार ने महामहिम राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पहले ही गंभीर गिरावट के दौर से गुजर रही है। आए दिन पेपर लीक जैसी घटनाओं के सामने आने से विद्यार्थियों की मेहनत और उनके भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं लगातार विद्यालय बंद किए जाने, विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी, जर्जर भवनों तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याएं भी शिक्षा व्यवस्था के सामने चुनौती बनी हुई हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर विद्यालयों में विद्यार्थियों की परीक्षाएं चल रही हैं, दूसरी ओर ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के नाम पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं विद्यालयों पर कार्यक्रमों में शामिल होने का मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय विद्या और संस्कार के केंद्र हैं, उन्हें किसी भी परिस्थिति में राजनीतिक गतिविधियों का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने कहा कि सरकार को विद्यालयों में राजनीतिक गतिविधियों पर ध्यान देने के बजाय पेपर लीक रोकने, शिक्षकों की कमी दूर करने, जर्जर विद्यालय भवनों को दुरुस्त करने और विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए। शिक्षकों पर राजनीतिक अथवा गैर-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए दबाव बनाना न तो विद्यार्थियों के हित में है और न ही स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण के अनुरूप।

ज्ञापन में कांग्रेस ने महामहिम राज्यपाल से मांग की कि विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में किसी भी प्रकार के राजनीतिक हस्तक्षेप पर तत्काल रोक लगाने तथा ‘सेवा संकल्प’ के नाम पर विद्यार्थियों और शिक्षकों पर बनाए जा रहे अनावश्यक दबाव को समाप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। कांग्रेस ने कहा कि बच्चों का भविष्य किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम से अधिक महत्वपूर्ण है। शिक्षा के मंदिरों की गरिमा बनाए रखना और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर वह आगे भी अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। ज्ञापन देने वालों में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मीना बछुवाण, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, पूर्व महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष सुदर्शन रावत, पूर्व यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित राज, महामंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ( सिताबपुर),संरक्षक विजय माहेश्वरी, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, प्रदीप नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल, महासचिव शुभम सुयाल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु बौखंडी आदि मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *