उत्तराखंड से छह सदस्य महा परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल

एस.के.एम. न्यूज सर्विस

देहरादून। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महा परिषद के संगठन विस्तार अभियान के तहत उत्तराखंड से छह और सदस्यों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। महा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पन्त ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. प्रहलाद प्रजापति के निर्देशानुसार सत्य प्रकाश चौहान, राकेश पन्त, अधिवक्ता, सुधीर कौशिक, भरत सिंह नेगी, नत्थी राम पोखरियाल एवं हरिप्रसाद लेखवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। अवधेश पन्त ने बताया कि महा परिषद देशभर में स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवारों को एक सशक्त राष्ट्रीय मंच से जोड़ने तथा उनके सम्मान, अधिकारों और कल्याण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के लिए संगठन का विस्तार कर रही है। संगठन का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास करना है। उन्होंने बताया कि महा परिषद द्वारा संगठन को प्रदेश स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं गतिशील बनाने के लिए प्रत्येक प्रदेश से 21 कर्मठ एवं समर्पित साथियों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान देने की प्रक्रिया चल रही है। उत्तराखंड से छह नए सदस्यों के शामिल होने के बाद अब तक कुल 14 सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल हो चुके हैं। इससे प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी परिवारों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बात रखने के लिए संगठनात्मक मंच और मजबूत होगा। अवधेश पन्त ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा की विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *