100 वार्डों में उचित दर दुकानों की होगी जांच, एक सप्ताह में मांगी आख्या
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 14 अक्टूबर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में उचित दर दुकानों के निरीक्षण के लिए सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक सेक्टर अधिकारी के साथ संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा पूर्ति निरीक्षक को भी तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में संचालित उचित दर दुकानों का निरीक्षण कर वहां साफ-सफाई की व्यवस्था तथा वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान दुकानों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्यान्न वितरण की स्थिति का परीक्षण किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण की विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन का मकसद उचित दर दुकानों की व्यवस्थाओं में सुधार लाना, खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखना तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
