एस. के.एम न्यूज़ सर्विस

बागेश्वर। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की स्मृति में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद बागेश्वर में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जनपद के नौ स्थानों पर विभिन्न आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां बनाकर राहत एवं बचाव तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागीय समन्वय को परखा गया। मॉक ड्रिल में भूकंप, अतिवृष्टि, बादल फटना, भूस्खलन, जलभराव, अग्निकांड, आकाशीय बिजली एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। अभ्यास के तहत बिलोना बस अड्डा, जिम कॉर्बेट स्कूल, जिला अस्पताल, जीआईसी असों, कपकोट, प्राथमिक विद्यालय वज्यूला, ग्राम मवई, जीआईसी कांडा तथा तहसील कार्यालय वनलेख दुगनाकुरी में विभिन्न आपदा परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम के अधिकारियों ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से लगातार निगरानी की। अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी संसाधन प्रबंधन, विभागीय समन्वय एवं जनसुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *