राष्ट्रीय एकता दिवस पर रुद्रप्रयाग में उत्साह के साथ निकाली गई ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली

एसकेएम न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद रुद्रप्रयाग में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। खेल निदेशालय उत्तराखंड, देहरादून के तत्वावधान में तथा जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। लगभग तीन किलोमीटर की यह रैली स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि से प्रारंभ होकर विजयनगर तक पहुंची तथा वहां से वापस स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ऋतु नेगी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विधायक श्रीमती आशा नौटियाल द्वारा उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केवल जिला मुख्यालय तक ही कार्यक्रम सीमित नहीं रहे, बल्कि जनपद के तीनों विकासखंडों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंडों के आंगनबाड़ी केंद्रों, ब्लॉक मुख्यालयों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सरकारी विभागों में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ लेकर देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

वहीं केदारनाथ धाम में भी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पुलिस के जवानों, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के कार्मिकों एवं सफाई कर्मियों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ ली। दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में तैनात इन कार्मिकों ने राष्ट्र की सेवा, सुरक्षा और एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में भी राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सूचना अधिकारी श्री कृपाल लाल टम्टा ने कार्यालय के समस्त कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी कार्मिकों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने, राष्ट्र की एकता एवं आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने तथा देश के नागरिकों के बीच सद्भाव और सौहार्द को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। जिला सूचना अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें सरदार वल्लभभाई पटेल के महान योगदान और उनके द्वारा दिखाए गए एकजुटता के मार्ग का स्मरण कराता है

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा एक सशक्त, एकजुट और अखंड भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *