जिलाधिकारी की अध्यक्षता में त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा चाइल्ड हेल्पलाइन की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, पुनर्वास एवं बाल अधिकारों से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद बच्चे को समय पर सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने बाल श्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाने, बच्चों के बचाव एवं पुनर्वास की प्रभावी व्यवस्था करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि बाल संप्रेषण गृह गडोली में पेयजल सुविधा सुचारू कर दी गई है। चाइल्ड हेल्पलाइन का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा बाल देखरेख संस्थाओं में रह रहे बच्चों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी गई हैं। ग्राम स्तर पर बाल पंचायतों के गठन की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के काउंसलरों को नियमित रूप से विद्यालयों में जाकर किशोर-किशोरियों को जागरूक करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पुस्तकें और खेल उपकरण उपलब्ध कराने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही बाल देखरेख संस्थाओं में अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था और राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) में सुरक्षा गार्ड कक्ष के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बाल संरक्षण योजनाओं से पूर्व में लाभान्वित बच्चों का अद्यतन डेटाबेस तैयार कर उनकी वर्तमान स्थिति, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी प्रगति की जानकारी जुटाने को कहा, ताकि जरूरत के अनुसार उन्हें आगे सहायता एवं रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। बच्चों में नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस एवं शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई और विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *