पूरी तरह पहाड़ी रंग में नजर आए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं के प्रति गहरा जुड़ाव देहरादून के बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में देखने को मिला। कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पूरी तरह पहाड़ी रंग में नजर आए। पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर उन्होंने जमकर नृत्य किया और उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। इगास जैसे लोकपर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट पहचान के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। अपनी संस्कृति पर गर्व करना और उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना ही उसके संरक्षण का सबसे प्रभावी तरीका है।
