जिलाधिकारी ने किया होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी का औचक निरीक्षण

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता, दवाओं के उचित रखरखाव और मरीजों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
होम्योपैथिक चिकित्सालय के निरीक्षण में प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना पूर्व अनुमति अवकाश पर मिले। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिला होम्योपैथिक अधिकारी को नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं के स्टॉक और एक्सपायरी तिथि की जांच करते हुए स्टॉक रजिस्टर में सभी दवाओं का व्यवस्थित विवरण दर्ज करने को कहा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सहित अन्य सेवाओं के संचालन में पेयजल की समस्या से अवगत कराने पर जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराई। व्यवस्था सुचारू होने पर चिकित्साधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने आभार व्यक्त किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने ओपीडी, जनरल वार्ड, महिला वार्ड, पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षणों की दर सूची चस्पा करने, बेडशीट नियमित बदलने और चिकित्सकों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन एवं आवासों की आवश्यक मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक एंट्री और एक्सपायरी तिथि की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा लापरवाही पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। सीएमओ को चिकित्सकों के अवकाश रोस्टर के अनुसार निर्धारित करने तथा संबंधित चिकित्साधिकारियों को हर माह स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की कम संख्या पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने संभावित प्रसव तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की सूची उपलब्ध रखने और प्रसव से लगभग दो माह पूर्व महिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा उनसे नियमित संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं सुरक्षित प्रसव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने 108 एंबुलेंस का निरीक्षण कर दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की जांच की तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन से प्राथमिक उपचार एवं उनके दायित्वों की जानकारी भी ली। एंबुलेंस में दवाओं एवं उपकरणों की उचित व्यवस्था न मिलने पर संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया तथा सीएमओ को जिले की सभी एंबुलेंस की तीन दिन के भीतर जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आमजन को समय पर सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *