दोपहिया वाहन पर दोनों सवारों की सुरक्षा जरूरी
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
उत्तरकाशी। सड़क पर सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ वाहन चालक की नहीं, पीछे बैठकर सफर करने वाले सह-सवार की भी है। दोपहिया वाहन पर सफर करते समय हेलमेट चालक और पिलियन राइडर (सह-सवार), दोनों के लिए अनिवार्य है। यातायात निदेशालय के निदेशानुसार पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के दिशा निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज कोतवाली उत्तरकाशी, कोतवाली मनेरी एवं यातायात पुलिस की टीमों द्वारा जनपद मुख्यालय एवं मनेरी क्षेत्र में ‘हेलमेट सुरक्षा’ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों एवं उनके पीछे बैठकर सफर करने वाले पिलियन राइडर्स को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता समझाते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस टीम ने बताया कि अक्सर दोपहिया वाहन चालक तो हेलमेट पहनते हैं, लेकिन पीछे बैठा सह-सवार बिना हेलमेट के यात्रा करता है। यह लापरवाही दुर्घटना के समय गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है। इसलिए अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने सहयात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है।
उत्तरकाशी पुलिस की आमजन से अपील है कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति, दोनों हेलमेट अवश्य पहनें और उसकी स्ट्रिप लॉक करना न भूलें। यातायात नियमों का पालन चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करें। निकट भविष्य में हेलमेट नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
