सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। उत्तराखंड में विज्ञान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में भव्य शुभारंभ हुआ। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. पंकज कुमार पांडे ने कहा कि साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल वैज्ञानिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, संगठनों और शिक्षण संस्थानों को एक साझा मंच उपलब्ध करा रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न संस्थान अपनी उपलब्धियों, गतिविधियों और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और स्टार्टअप की दुनिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों के साथ संवाद से युवाओं को भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलता है।

बायोटेक्नोलॉजी कंसोर्टियम इंडिया लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पूर्णिमा शर्मा ने उत्तराखंड की जैव विविधता को बायोटेक्नोलॉजी के विकास के लिए बड़ी संभावना बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में इस क्षेत्र में व्यापक अवसर मौजूद हैं। भारत सरकार की जैव प्रौद्योगिकी नीति में भी उत्तराखंड को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने राज्य के संस्थानों को केंद्र सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

डीआईटी यूनिवर्सिटी के कुलपति जीके प्रभु ने विद्यार्थियों को आविष्कार और नवाचार के बीच अंतर समझाया। उन्होंने कहा कि आविष्कार किसी नई वस्तु, विचार या तकनीक के निर्माण से जुड़ा है, जबकि नवाचार उस आविष्कार को उपयोगी बनाकर समाज तक पहुंचाने की प्रक्रिया है। इससे पहले यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने अतिथियों का स्वागत किया। सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने निर्माणाधीन साइंस सिटी का निरीक्षण भी किया।

फेस्टिवल में 60 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें ग्रामीण स्टार्टअप्स, यूकॉस्ट, एचटीपीआई, सिडकुल, पंतनगर विश्वविद्यालय, फिल्म विकास परिषद, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और अन्य संस्थानों की ओर से तकनीकी मॉडल तथा नवाचार प्रदर्शित किए गए। एफडीए की मोबाइल ऑन व्हील्स और टेलिस्कोप भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। पहले दिन साइंस पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, एरो मॉडलिंग, रोबोटिक्स वर्कशॉप और साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में तीन श्रेणियों के विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार दिए गए। इसरो-आईआईआरएस के निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष तकनीक में हो रहे नवाचारों की जानकारी दी। वहीं, रोबोटिक्स कार्यशाला में छात्रों को स्मार्ट किट्स के माध्यम से रोबोट बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। फेस्टिवल के दूसरे दिन साइंस क्विज, एसटीईएम वर्कशॉप, बायोटेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी कॉन्क्लेव, मैजिक ऑफ मैथ, मॉडल रॉकेटरी वर्कशॉप तथा ग्रामीण उद्यमिता एवं स्टार्टअप कॉन्क्लेव आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *