पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए सामग्री वितरण शिविर का आयोजन
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में न्याय पंचायत मोहनपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत छीनीगोठ, सैलानीगोठ, मनिहारगोठ तथा बिचई के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए पंचायत भवन ज्ञानखेड़ा में सामग्री वितरण शिविर का आयोजन किया गया। सम्मानित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर सीधा लाभ प्रदान करना रहा। शिविर के दौरान उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के कुल 954 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर श्रमिकों एवं उनके परिवारों के बीच कुल 3,362 किट का वितरण किया गया, जिनमें 1,454 शिक्षण किट, 954 पोषण किट तथा 954 स्वच्छता किट शामिल हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को किट वितरित करते हुए शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में माननीय दर्जा राज्यमंत्री श्रीमती किरन देवी, श्रम विभाग से उप श्रमायुक्त श्री के. के. गुप्ता, संबंधित ग्राम पंचायतों के सम्मानित ग्राम प्रधानगण तथा बड़ी संख्या में पंजीकृत निर्माण श्रमिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
