‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के आदेशानुसार ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत गुरुकुलम एकेडमी, पुल्ला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक करना और इसकी रोकथाम में स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में आमजन को जागरूक किया और इसकी रोकथाम में सहयोग की अपील की। इसके बाद ग्राम पुल्ला की महिलाओं के साथ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में महिलाओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों और बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया गया कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को समय पर सूचित करना जरूरी है, ताकि विवाह होने से पहले कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली और इसकी रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन की जिला समन्वयक संतोषी, जिला बाल संरक्षण इकाई से मीना, बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर कविता बिष्ट, डीएचईडब्ल्यू से प्रहलाद बोहरा एवं ममता जोशी, वन स्टॉप सेंटर से मधुलता, पीएलवी कमल कुमार, गुरुकुलम एकेडमी की प्रधानाचार्य पूनम पुजारी तथा शिक्षिकाएं सपना बिष्ट एवं हेमा अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *