डीएम ने किया इंटरलॉकिंग कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ग्रामीण सड़कों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत के देवीपुरा में लोक निर्माण विभाग एवं विकासखण्ड द्वारा कराए गए इंटरलॉकिंग कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने इंटरलॉकिंग बिछाए गए मार्ग का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से कराए गए कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से जाना कि इंटरलॉकिंग बिछने के बाद गांव में रोजमर्रा की आवाजाही में क्या बदलाव आया है। ग्रामीणों ने कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि मार्ग पर चलने में पहले की अपेक्षा सुविधा हुई है। उन्होंने गांव की सड़क को बेहतर बनाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय मार्गों के सुधारीकरण से लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में सहूलियत मिलती है। देवीपुरा में कराया गया इंटरलॉकिंग कार्य इसी दिशा में एक पहल है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से हुई बातचीत से अधिकारियों को यह जानने का अवसर मिला कि मार्ग में हुए सुधार का लाभ स्थानीय लोगों को किस तरह मिल रहा है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
