पुलिस ने आयोजित किया सम्मान समारोह सामूहिक भोज
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में श्री केदारनाथ धाम यात्रा- 2026 का सकुशल एवं सफलतापूर्वक समापन होने के उपलक्ष्य में पुलिस विभाग रुद्रप्रयाग की ओर से सम्मान समारोह एवं बड़ा खाना (सामूहिक भोज) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों, यात्रा मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर ड्यूटी में तैनात रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
श्री केदारनाथ धाम यात्रा का सफल संचालन पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। यात्रा अवधि के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना, यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखना, भीड़ प्रबन्धन, यात्रियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करना तथा विषम परिस्थितियों में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस बल के लिए महत्वपूर्ण चुनौती रहती है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने अपने सम्बोधन में कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने में जनपद पुलिस के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सभी कार्मिकों ने पूरी निष्ठा, लगन, अनुशासन एवं समर्पण भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम एवं लम्बी ड्यूटी के बावजूद पुलिस बल ने जिस धैर्य, संयम एवं कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी के सामूहिक प्रयास, आपसी समन्वय और टीम भावना को जाता है। यात्रा के दौरान अपने कर्तव्यों से बढ़कर सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने सभी का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर यात्रा के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, संचार, अभिसूचना, पीएसी, होमगार्ड्स एवं पीआरडी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने सम्मानित कार्मिकों को भविष्य में भी इसी प्रकार पूर्ण मनोयोग, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अन्त में सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर बड़ा खाना (सामूहिक भोज) का आनन्द लिया। इस आयोजन के माध्यम से यात्रा के दौरान दिन-रात मेहनत करने वाले पुलिस बल के बीच आपसी सौहार्द, एकजुटता एवं टीम भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
केदारनाथ यात्रा-2026 एक नजर में
कपाट खुले – 22 अप्रैल 2026
कपाट बन्द – 11 नवम्बर 2026
कुल यात्रा अवधि – 204 दिन
कुल दर्शनार्थी – 19,33,138
बाबा केदारनाथ की कृपा से यात्रा सकुशल सम्पन्न हुई। यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाले समस्त अधिकारी-कर्मचारियों एवं सहयोगी बलों का हार्दिक आभार।
