उत्तराखण्ड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य : राज्यपाल

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून 26 नवम्बर।  हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को संगठन के  प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन का बैज और स्कार्फ पहनाया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी।  राज्यपाल ने संगठन के स्थापना दिवस पर सभी स्काउट्स एवं गाइड्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स युवाओं में अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज संविधान दिवस भी है। ऐसे में यह अवसर युवाओं को संविधान में निहित एकता, समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में स्काउट्स एवं गाइड्स आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोगी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्काउट्स एवं गाइड्स के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं, किसानों और विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए, तो किसी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव दलों के पहुंचने से पहले स्थानीय स्तर पर लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे जनहानि और नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। राज्यपाल ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए समाज सेवा और सकारात्मक कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवावस्था में सही संगति और अच्छे संस्कारों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा की युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। इस अवसर पर राज्य आयुक्त उत्तराखण्ड, हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स श्री हिमांशु सक्सेना तथा हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के अन्य प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *