साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून से स्थानान्तरित हो रहे 04 निरीक्षकों को दी भावभीनी विदाई
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में नियुक्त निरीक्षक देवेन्द्र नबियाल, निरीक्षक विकास भारद्वाज, निरीक्षक नीरजा यादव एवं निरीक्षक त्रिभुवन रौतेला के स्थानान्तरण के अवसर पर विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। अपने कार्यकाल के दौरानचारों निरीक्षकों ने साइबर अपराध से संबंधित जटिल एवं चुनौतीपूर्ण विवेचनाओं के सफल निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड एवं अन्य वित्तीय साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की विवेचना में उनकी तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता एवं कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय रही। इस अवसर पर एसएसपी एसटीएफ श्री अजय सिंह ने चारों अधिकारियों द्वारा साइबर अपराधों की विवेचना एवं प्रभावी पुलिसिंग में दिए गए योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में स्थानान्तरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन अधिकारियों की कार्यनिष्ठा, अनुभव एवं टीम के प्रति समर्पण सदैव याद रखा जाता है। उन्होंने तीनों अधिकारियों को उनकी नवीन तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री शांतनु पाराशर (साइबर उत्तराखण्ड), अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री विवेक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ श्री ऋषि चमोला एवं पुलिस उपाधीक्षक श्री प्रवेश अली (एएनटीएफ उत्तराखण्ड) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने स्थानान्तरित हो रहे निरीक्षकों के साथ कार्य के दौरान बिताए गए अनुभवों एवं यादों को साझा किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन परिवार की ओर से अधिकारियों को उनकी सेवाओं एवं योगदान के लिए हार्दिक आभार एवं नवीन तैनाती के लिए अनंत शुभकामनाएं।
