जनपद नैनीताल में 14 स्थानों पर आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल आयोजित

एस. के.एम न्यूज़ सर्विस

नैनीताल। जनपद नैनीताल में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनपद के 14 विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान भूकंप, अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट, सुरंग में चट्टान टूटने एवं जलभराव, रासायनिक पदार्थों के रिसाव तथा भगदड़ जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों का कृत्रिम घटनाक्रम तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल के अंतर्गत जिला चिकित्सालय नैनीताल एवं रामनगर, हल्द्वानी के वॉक-वे मॉल, जमरानी बांध, लालकुआं स्थित पेपर मिल, कैंचीधाम मंदिर परिसर सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों के आधार पर अभ्यास किया गया।

संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय आईआरएस टीमों के नेतृत्व में संचालित इस अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन एवं नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव कार्यों, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार, अस्पताल पहुंचाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की ऑनलाइन मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से निगरानी एवं पर्यवेक्षण भी किया गया।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार से भयभीत या परेशान न हों। यह केवल आपदा की स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित अभ्यास है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा अफवाहों को फैलने से रोकने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *