नौ स्थानों पर हुई मॉक ड्रिल, विभिन्न आपदाओं के काल्पनिक परिदृश्य बनाकर परखी गई तैयारियां
एस. के.एम न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग, 28 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग में नौ अलग-अलग स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान भूकंप, भूस्खलन, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर विभिन्न विभागों की आपदा से निपटने की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर में भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर सुबह 10:30 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काल्पनिक घटनाक्रम के अनुसार विद्यालय में 94 विद्यार्थी प्रभावित हुए, जिनमें से विद्यालय स्टाफ एवं रेस्क्यू टीम द्वारा 80 विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि मलबे में दबे 14 विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से चार विद्यार्थियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया।
इसी क्रम में सुबह 10:39 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि के एक वार्ड में भूकंप के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना पर अग्निशमन टीम ने तत्काल कार्रवाई की। घटनाक्रम के अनुसार वार्ड में 10 मरीज एवं दो कर्मचारी मौजूद थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक मरीज गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जबकि एक अन्य मरीज सामान्य रूप से घायल हुआ। अन्य मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया।
काकड़ागाड़ (कुंड डैम के समीप) में सुबह 09:00 बजे भारी वर्षा के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 पर भूस्खलन से बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने रेस्क्यू टीमों एवं 108 एंबुलेंस को मौके पर रवाना किया। घटनाक्रम के अनुसार वाहन में आठ व्यक्ति सवार थे, जिनमें से दो की घटनास्थल पर मृत्यु होना दर्शाया गया, जबकि छह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया।
वहीं, सुबह 09:47 बजे जवाड़ी बाईपास रुद्रप्रयाग में भारी वर्षा के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 पर पहाड़ी से मलबा एवं पत्थर गिरने से स्कॉर्पियो वाहन के दबने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर रेस्क्यू टीम एवं 108 एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। वाहन में सवार पांचों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी सामान्य रूप से घायल थे, जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया।
भटवाड़ी सैण रुद्रप्रयाग में सुबह 10:35 बजे भूकंप के कारण आटा मिल भवन क्षतिग्रस्त होने तथा उसमें 11 व्यक्तियों के दबे होने का परिदृश्य बनाया गया। सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा रेस्क्यू टीमों एवं 108 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू टीम ने भवन के मलबे में दबे सभी 11 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से तीन व्यक्ति सामान्य रूप से घायल हुए, जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया।
इसके अलावा सुबह 10:55 बजे रैतोली पेट्रोल पंप के समीप एक टेंपो ट्रैवलर के अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटने का घटनाक्रम तैयार किया गया। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम एवं 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। वाहन में कुल 15 व्यक्ति सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से तीन व्यक्तियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
तहसील बसुकेदार क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज तिमली बड़मा में सुबह 11:00 बजे विद्यालय भवन के पीछे भूस्खलन होने तथा एक पेड़ विद्यालय भवन के ऊपर गिरने का परिदृश्य तैयार किया गया। इससे भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और तीन छात्राएं पेड़ एवं मलबे में दब गईं। सूचना पर रेस्क्यू टीम एवं 108 एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने तीनों छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला। सामान्य रूप से घायल छात्राओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया।
राजकीय इंटर कॉलेज फाटा में सुबह 10:45 बजे 6.6 तीव्रता का भूकंप आने से विद्यालय भवन में दरारें पड़ने तथा भवन क्षतिग्रस्त होने का परिदृश्य बनाया गया। विद्यालय में मौजूद लगभग 90 छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्टाफ द्वारा तत्काल सुरक्षित खुले मैदान में एकत्रित किया गया, जबकि भवन के अंदर फंसे पांच विद्यार्थियों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से चार विद्यार्थी सामान्य रूप से घायल हुए, जबकि एक विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल हुआ। सभी को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया।
इसी तरह छेनागाड़ के ग्राम तालजामण में सुबह 11:30 बजे भारी वर्षा के कारण पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरकने से आबादी क्षेत्र में मलबा एवं पेड़ गिरने तथा तीन आवासीय भवनों के क्षतिग्रस्त होने का घटनाक्रम तैयार किया गया। इसके कारण पैदल एवं संपर्क मार्ग बंद हो गए तथा 10 से 12 व्यक्तियों के फंसे होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम एवं 108 एंबुलेंस को मौके पर रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम ने आवासीय भवनों से नौ व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया, जबकि तीन व्यक्तियों के लापता होने का परिदृश्य तैयार कर उनकी खोजबीन का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी रूप से टेंट एवं अहैतुक सहायता की व्यवस्था की गई तथा बंद संपर्क मार्गों को जेसीबी के माध्यम से अस्थायी तौर पर खोला गया।
मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों, पुलिस, वन विभाग, जल पुलिस, फायर ब्रिगेड, सेना, एसडीआरएफ, आपदा मित्रों, क्यूआरटी टीमों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए। सभी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, अस्पताल पहुंचाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से सभी नौ घटनास्थलों की गतिविधियों की निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और रेस्क्यू अभियानों की प्रगति का जायजा लिया।
इससे पूर्व भी जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के 56 स्थानों पर मॉक ड्रिल का अभ्यास किया गया था। इन अभ्यासों का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाना, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा जान-माल की क्षति को न्यूनतम करने के लिए त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की क्षमता विकसित करना है।
इस दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों का आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर तैयारी बेहद जरूरी है। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य वास्तविक आपदा के दौरान उत्पन्न होने वाली चुनौतियों को समझना, कमियों को चिह्नित करना और उन्हें दूर कर राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल बनाए रखते हुए पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
