राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग टोबगे

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
अयोध्या, 5 सितम्बर 2025। भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग टोबगे शुक्रवार को अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पहुंचे। इस दौरान उनका भारतीय पद्धति से स्वागत किया गया। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने उन्हें रिसीव किया। कड़ी सुरक्षा के बीच वह रामलला के जन्मभूमि पहुंचे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, डॉक्टर अनिल मिश्रा ने उनका स्वागत किया। अयोध्या में भूटान के प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है। भूटान के प्रधानमंत्री का यह दौरा दो देशों के पारस्परिक संबंध को दर्शाता है। साथ ही अयोध्या से भूटान सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
आज भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग टोबगे सपत्नीक श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्री रामलला सरकार के दर्शन हेतु अयोध्या धाम पधारे। भगवान रामलला सरकार के दर्शन पश्चात उन्होंने श्री राम दरबार के दर्शन किए तथा तत्पश्चात कुबेरटीला पर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं आरती भी की। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने अन्य न्यासियों के साथ श्री टोबगे एवं उनकी धर्मपत्नी का मंदिर परिसर में आत्मीय एवं आदरपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से इन विशिष्ट अतिथियों को भव्य मंदिर परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया, जिसमें इसकी स्थापत्य भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। दर्शन के दौरान, न्यासियों ने मंदिर परिसर, इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व, और चल रहे निर्माण कार्य की जटिलताओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की, जिससे श्री टोबगे को मंदिर के समग्र स्वरूप की एक गहन समझ प्राप्त हो सकी।
प्रधानमंत्री ने तीन बार साष्टांग प्रणाम कर भगवान की आरती की और पुष्प अर्पित किए। ट्रस्ट और यूपी सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर पर भूटान सरकार का आभार व्यक्त किया। वह राम मंदिर परिसर में लगभग 1.40 घंटे रहे। होटल रामायण में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ दोपहर का भोजन ग्रहण किया। इसके बाद वह महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गेय। उन्होंने कहा कि भूटान और अयोध्या के बीच परस्पर आत्मीय संबंध है। भूटान और भारत के इन्हीं संबंधों को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वार्ता होती रहती है। आज उनका यह दौरा बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है।