“गोदान” केवल एक फिल्म नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं का सजीव चित्रण : श्रीमती सविता कपूर
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 06 फरवरी। आज कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर ने कार्यकर्ताओं के साथ गौ माता पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म “गोदान”को स्टारवर्ल्ड विकास मॉल में देखा। इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर ने कहा कि “गोदान”केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा और मानवीय संवेदनाओं का सजीव चित्रण है। फिल्म में गाय माता के प्रति प्रेम, त्याग एवं संघर्ष को अत्यंत मार्मिक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जो दर्शकों को गहराई से सोचने पर विवश करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में हम अपने मूल संस्कारों और परंपराओं से दूर होते जा रहे हैं। ऐसी फिल्मों के माध्यम से समाज को यह संदेश मिलता है कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। विधायक ने अपील की कि यह फिल्म समाज के हर वर्ग द्वारा देखी जानी चाहिए, विशेषकर युवाओं द्वारा, ताकि वे अपने सांस्कृतिक मूल्यों को समझें और उनसे जुड़ाव बनाए रखें। इस अवसर पर कैंट विधानसभा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
