दोषियों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई : परिवहन मंत्री

दोषियों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई : परिवहन मंत्री

देहरादून। मध्य प्रदेश के पन्ना से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की बस यमुनोत्री हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। श्रद्धालु यमुनोत्री धाम के दर्शनों के लिए जा रहे थे। हादसे में 26 की मौत हो गई, जबकि चार घायलों का डामटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया। चारों घायलों को देर रात देहरादून मैक्‍स अस्पताल रेफर कर दिया गया। मैक्‍स अस्पताल के यूनिट हेड डाक्‍टर संदीप तंवर के अनुसार सभी घायल मरीजों की पसलियों में चोट है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उन्हें बेहतर से बेहतर उपचार दे रही है। उत्तरकाशी के डामटा में हुए बस हादसे में घायल चार लोग मैक्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक अस्पताल में चालक हीरा सिंह 45,महिला हक्की राजा 60, उदय सिंह 63, महिला राजकुंवर 60 भर्ती हैं। महिला हक्की राजा की हालत गम्भीर है। उनके फेफड़ों में गम्भीर चोट लगी है। विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। बताया कि घायलों की देखरेख में पूरी मेडिकल टीम जुटी हुई है।

परिवहन मंत्री चंदन राम दास भी सोमवार को डामटा स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान चंदन राम दास ने कहा कि प्राथमिक रूप से जो उन्हें जानकारी प्राप्त हुई है उसमें चालक को नींद का झोंका आना बताया गया है। चालक तीन-चार दिनों से लगातार वाहन चला रहा था। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उत्तरकाशी में हुई दुर्घटना में मृतक व्यक्तियों के शव दो ट्रक में जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल लाए गए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हिमालयन अस्पताल पहुंच गए हैं। अस्पताल के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। उत्तरकाशी में दुर्घटनाग्रस्त हुई बस हल्द्वानी की थी। बस का नंबर यूके 04 पी ए 1541 कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन से संबंधित थी। बताया जा रहा है कि चारधाम यात्रा के लिए बस का पंजीकरण ऋषिकेश से हुआ था, बस में हरिद्वार से यात्री उठाए थे। लेकिन यहां पर आधिकारिक रूप से किसी को भी इसकी जानकारी नहीं दी थी।  मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के 69 तीर्थयात्री रविवार सुबह दस बजे हरिद्वार से दो बसों के जरिये चारधाम यात्रा के लिए निकले थे। एक बस में 41 तीर्थयात्री और दूसरी में 28 तीर्थयात्री सवार हुए। 28 तीर्थयात्रियों वाली बस डामटा में पास दुर्घटनाग्रस्त हुई।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। घटना स्थल पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी के साथ के साथ हूं। हम दोनों कल रविवार शाम सात बजे से ही संपर्क में थे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री धामी के निर्देशन में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिए थे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना। साथ ही बस चालक से भी हादसे के बारे में बात की। बस हादसे के बारे में चालक ने उन्हें बताया कि बस का स्टेरिंग फेल होने के कारण बस को पहाड़ की ओर टकराने की कोशिश की, लेकिन इसमें वह सफल नहीं हो पाया, जिससे बस खाई में गिर गई। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मृतकों के स्वजन को 5,00,000 और घायलों को 50,000 और स्वास्थ्य उपचार की मदद की जाएगी। मृतकों के शवों को वायु सेना के प्लेन से दोपहर 2:00 बजे जौलीग्रांट से खजुराहो एयरपोर्ट पर ले जाया जाएगा। इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ से बात हुई है। एयरपोर्ट से वाहनों के जरिए शवों को पन्ना जनपद में पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान उत्‍तरकाशी पहुंच गए हैं। यहां उन्‍होंने बस दुर्घटना में मारे गए रामसजी एवं बांके बिहारी के रिश्तेदार कृष्ण बिहारी द्विवेदी से बातचीत की और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए रिश्तेदारों को ढांढस बंधाया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *