मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 15 मार्च। श्री झण्डे जी आरोहण के बाद आज पहला रविवार होने के कारण मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अवकाश का दिन होने से सुबह से ही दरबार साहिब परिसर और मेला स्थल पर चहल-पहल बनी रही। गत दिवस भी दून व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज पहुंचे और श्री झण्डे जी पर शीश नवाकर अपनी मनौतियां मांगीं। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया और श्री झण्डे जी मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा से हर भक्त की झोली भरती है और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
