अति शीघ्र होगा स्वतंत्रता सेनानी प्रकोष्ठ कार्यकारिणी का पुनर्गठन : मुरली मनोहर
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ मे प्रदेश एवं जिला स्तर पर चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है। गांधी के विचारों को आत्मसात कर संगठन के प्रति समर्पित स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के ऊर्जावान साथियों को प्रदेश एवं जिला स्तर पर महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेवारी दी जाएगी।
उक्त जानकारी देते हुए एक बार पुनः प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत हुए मुरली मनोहर ने बताया कि 2 वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा द्वारा उत्तराखंड में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ का गठन किया गया था। तब से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हित के लिए प्रकोष्ठ द्वारा विभिन्न कार्य करते हुए कांग्रेस संगठन को ताकत देने का काम किया गया। उत्तराखंड के लगभग 22 हजार स्वतंत्रता सेनानी परिवार आज वर्तमान सरकार की उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं। वर्तमान सरकार आज स्वतंत्रता के उस महान आंदोलन और वीर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों का नामोनिशान मिटा देना चाहती है। देश के हालात दिन प्रतिदिन बद से बद्तर होते जा रहे हैं, प्रदेश में अराजकता का माहौल है, भ्रष्टाचार चरम पर है, क्या ऐसे देश की कल्पना हमारे पूर्वज स्वतंत्रता सेनानियों ने की थी?
आज कर्तव्य हर स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सदस्य का अपने देश के प्रति समर्पित होने का है। आज हमें गांधी के उन विचारों को चरित्रार्थ करना होगा “सत्य अहिंसा नारा है हिंदुस्तान हमारा है”। अध्यक्ष मुरली मनोहर ने बताया कि अति शीघ्र समस्त प्रदेश का दौरा कर प्रदेश एवं जिला स्तर पर कर्मठ साथियों को महत्वपूर्ण पद पर जिम्मेवारी देकर कांग्रेस संगठन एवं प्रकोष्ठ को मजबूती प्रदान कर सेनानी परिवारों की आवाज को बुलंद किया जाएगा।
