एमडीडीए का अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त अभियान
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। . मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक सीलिंग कार्रवाई की। देहरादून के संस्कृति लोक कॉलोनी से लेकर ऋषिकेश के निर्मल बाग तक संयुक्त टीम ने पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आठ अवैध बहुमंजिला भवनों को सील किया। इन निर्माणों में बिना मानचित्र स्वीकृति एवं नियमों के विपरीत निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिस पर पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्राधिकरण ने नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की। संस्कृति लोक कॉलोनी लेन नंबर-6बी, देहरादून में किए जा रहे अवैध निर्माण को संयुक्त सचिव के आदेश पर सील किया गया। इसके बाद मानवीय नगर लेन नंबर-10, ऋषिकेश में अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई।
लकड़घाट रोड, श्यामपुर ऋषिकेश में किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण को भी सील किया गया। वहीं निर्मल बाग ब्लॉक-बी गली नंबर-11 विस्थापित क्षेत्र में कई अवैध बहुमंजिला भवनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए सीलिंग की गई। इसी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर किए जा रहे अवैध निर्माणों सहित अन्य भवनों पर भी प्रवर्तन कार्रवाई अमल में लाई गई। जांच के दौरान प्राधिकरण की टीम ने सभी स्थलों का निरीक्षण किया, जिसमें निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाया गया। इसके बाद उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सभी भवनों को सील कर दिया गया।
