जिलाधिकारी ने किया निर्माणाधीन स्टेट गेस्ट हाउस का निरीक्षण

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

चम्पावत 24 मई. जनपद चम्पावत के सीमांत एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा विकसित की जा रही बहुउद्देशीय प्रशासनिक अवसंरचना परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आधुनिक स्टेट गेस्ट हाउस परिसर का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। लगभग 6179.20 लाख की लागत से तैयार की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य ब्रिडकुल द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों का अवलोकन करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, सुरक्षा मानकों एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परियोजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्माण स्थल पर फायर सेफ्टी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्यदायी संस्था को मानसून से पूर्व सभी प्रमुख कास्टिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षाकाल से पहले निर्माण कार्यों में तेजी लाकर महत्वपूर्ण संरचनात्मक कार्य समय से पूरे किए जाएं। इस समेकित परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेट गेस्ट हाउस भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त परियोजना में ट्रांजिट हॉस्टल, वन विभाग के आवासीय क्वार्टर, सिंचाई विभाग एवं नलकूप विभाग की कार्यालय भवनों का भी निर्माण किया जा रहा है, जिससे विभिन्न विभागों को एक व्यवस्थित एवं सुदृढ़ कार्यस्थल उपलब्ध होगा। टनकपुर नेपाल सीमा से सटा हुआ एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु, अधिकारी एवं अन्य आगंतुक पहुंचते हैं। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेट गेस्ट हाउस परिसर बनने से क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल को निर्देशित करते हुए कहा कि मानसून से पूर्व अधिकतम निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्माण स्थल पर सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान प्रगति, वित्तीय व्यय एवं आगामी कार्ययोजना की भी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का निर्माण कार्य माह फरवरी 2026 से प्रारंभ किया गया है तथा निर्धारित 18 माह की समयसीमा के भीतर इसे पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, सहायक अभियंता सिंचाई मनोज तिवारी सहित ब्रिडकुल के अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *